भागलपुर। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कार्यालय, भागलपुर के द्वितीय अपीलीय प्राधिकार के समक्ष दिनांक 21 अगस्त 2026 को निर्धारित लोक शिकायत निवारण द्वितीय अपील की सुनवाई से संबंधित मामलों की जिला पदाधिकारी द्वारा समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान संबंधित लोक प्राधिकारों से जुड़े मामलों की वर्तमान स्थिति एवं लंबित प्रतिवेदनों की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित लोक प्राधिकारों को लंबित मामलों में निराकरण प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन का निर्देश दिया।
दिनांक 21.08.2026 की सुनवाई हेतु जारी कारण सूची में कुल 14 मामलों को शामिल किया गया है। इनमें नगर निगम की भूमि से अतिक्रमण हटाने, नल-जल की समस्या, सड़क किनारे नाला निर्माण, राशन कार्ड, अतिक्रमणमुक्त कराने, विवाह भवन निर्माण की अनुमति, रास्ता विवाद, प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई, पक्की सड़क एवं नाला निर्माण, मनरेगा से संबंधित मामला तथा सीलिंग जमीन के हस्तांतरण आदि से संबंधित शिकायतें शामिल हैं। अधिकांश मामलों में निराकरण प्रतिवेदन अप्राप्त रहने के कारण संबंधित लोक प्राधिकारों से प्रतिवेदन मांगा गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायतों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित पदाधिकारी शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न करें तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
