भागलपुर! श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, भागलपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने गुरुवार को सुल्तानगंज स्थित विभिन्न गंगा घाटों एवं मेला क्षेत्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं भीड़ की स्थिति का भी निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं प्रमुख मार्गों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।श्रावणी मेला के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।अधिकारियों ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
भागलपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला के दौरान मेला क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यरत हैं।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा मेला का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर डीएम एवं एसएसपी ने सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का किया संयुक्त निरीक्षण
