भागलपुर। श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की ओर से आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को सुल्तानगंज में हेलीकॉप्टर के माध्यम से भव्य पुष्पवर्षा की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं आमजनों में विशेष उत्साह एवं उमंग का माहौल देखने को मिला।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुल्तानगंज स्थित उच्च विद्यालय मैदान के हेलीपैड से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी तथा अजगैबीनाथ मंदिर, नमामि गंगे घाट एवं सुल्तानगंज मोड़ (जहाँ ध्वज चौक) सहित निर्धारित स्थलों पर पुष्पवर्षा की गई। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने श्रावणी मेला के आध्यात्मिक एवं उत्सवी वातावरण को और भी भव्य बना दिया।
पुष्पवर्षा के दौरान विभिन्न स्थलों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इस विशेष आयोजन का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
श्रावणी मेला के दौरान आयोजित यह विशेष पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही तथा पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना रहा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
