बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड मे

भागलपुर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा, पशु चारा एवं आपदा से बचाव को लेकर भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

बाढ़ प्रभावित बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज, जगदीशपुर में अस्थायी विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया है। यहां बच्चों को नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन द्वारा अस्थायी विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रभावित पशुपालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 150 पशुओं के लिए चारा वितरित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा पशुओं के लिए चारा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में आपदा मित्रों द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज में बाढ़ प्रभावित लोगों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने, बाढ़ के पानी से दूरी बनाए रखने, विद्युत तारों एवं अन्य संभावित खतरों से सावधान रहने तथा आपात स्थिति में प्रशासन एवं बचाव दल से संपर्क करने के संबंध में जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी महोदया द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का पॉलिटेक्निक कॉलेज, जगदीशपुर निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी महोदया ने आमजन से अपील की कि बाढ़ एवं आपदा की स्थिति में घबराएं नहीं, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं बचाव दल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता का सहयोगपूर्वक लाभ उठाएं।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *