भागलपुर
। जिले में परिवार नियोजन सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, भागलपुर में दिनांक 15 एवं 16 सितंबर 2026 को सबडर्मल इम्प्लांट निष्कासन पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान 52 महिलाओं को सबडर्मल इम्प्लांट हटाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जबकि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए 10 चिकित्सकों को इम्प्लांट निष्कासन की तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. हिमांशु परमेश्वर दुबे ने किया। इस अवसर पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा सिन्हा सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से कुल 10 चिकित्सकों ने भाग लिया। इनमें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से 4, सदर अस्पताल से 2, नवगछिया से 2 तथा कहलगांव से 2 चिकित्सक शामिल थे। चिकित्सकों को इम्प्लांट निष्कासन की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा सुरक्षित तरीके से सेवा प्रदान करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कुल 52 महिलाओं के सबडर्मल इम्प्लांट हटाए गए। आवश्यकता एवं चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार कुछ महिलाओं को इम्प्लांट हटाने के साथ पुनः इम्प्लांट लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इससे प्रशिक्षु चिकित्सकों को वास्तविक परिस्थितियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ तथा महिलाओं को अपने ही जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवा उपलब्ध हुई।
सबडर्मल इम्प्लांट महिलाओं के लिए लंबे समय तक गर्भनिरोध की सुविधा प्रदान करने वाली परिवार नियोजन विधि है। महिला की इच्छा एवं चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर इसे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी द्वारा सुरक्षित तरीके से हटाया जा सकता है। इम्प्लांट हटाने के बाद सामान्यतः प्रजनन क्षमता शीघ्र वापस आ सकती है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में सबडर्मल इम्प्लांट निष्कासन की सेवा को मजबूत करना तथा महिलाओं को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुरूप सुरक्षित एवं प्रभावी परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराना था। इसके माध्यम से परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति महिलाओं के भरोसे को बढ़ाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की सेवा क्षमता को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षक डॉ. सुधा एवं डॉ. अनुपमा सिंह द्वारा चिकित्सकों को सबडर्मल इम्प्लांट निष्कासन की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों तथा महिलाओं को दिए जाने वाले परामर्श से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अस्पताल प्रबंधक सुनील कुमार एवं आभा कुमारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं, पीएसआई इंडिया की ओर से आयाज आलम अशरफी, नवीन राय एवं जूही कुमारी ने कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में सहयोग प्रदान किया।
सभी के समन्वित प्रयास से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
