*नारायणपुर में प्रखंड स्तरीय वासंतिक रबी महाअभियान–2026 का आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत कृषि तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी*

भागलपुर । शिल्प प्रशिक्षण भवन, नारायणपुर में प्रखंड स्तरीय वासंतिक रबी महाअभियान–2026 के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी, नारायणपुर श्री सुप्रभात कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमती पूजा कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्री आदित्य भारती कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी श्री लोकेश सिंह, प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री प्रणव कुमार कश्यप उर्फ पवन सिंह, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक श्री कुमार गौतम, 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री अनिल पटेल एवं केवीके वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्री आदित्य भारती कुमार द्वारा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, रबी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, उन्नत कृषि तकनीकों तथा किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को योजनाओं का लाभ उठाने, गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेशों का उपयोग करने तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, नारायणपुर द्वारा किसानों को जैविक खेती पर विशेष बल देने हेतु प्रेरित किया गया।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर से आए कृषि वैज्ञानिक इंजी. पंकज कुमार द्वारा कृषि यंत्रीकरण, रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं फसल उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने किसानों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि में आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के समन्वय से उत्पादन लागत में कमी, मृदा की उर्वरता के संरक्षण तथा किसानों की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।

वासंतिक रबी महाअभियान–2026 का मुख्य उद्देश्य किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं एवं नवीनतम तकनीकी जानकारियों को पहुंचाना तथा रबी फसलों के उत्पादन में वृद्धि करना है।

कार्यक्रम में सभी कृषि समन्वयक एवं सभी किसान सलाहकार उपस्थित थे। मंच संचालन किसान सलाहकार श्री ब्रजेश झा द्वारा किया गया। श्री कमलकिशोर कुमार द्वारा पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन कराया गया। वहीं, प्रखंड लेखापाल श्री आरोही अभिनव द्वारा प्रबंधन कार्य में सहयोग प्रदान किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *