भागलपुर। सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला जन शिकायत प्रभारी श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद, वरीय उप समाहर्त्ता द्वारा डी०आर०डी०ए० में आयोजित जनता दरबार में आमजनों के आवेदनों पर सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 44 आवेदनों पर सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान अधिकतम आवेदन भूमि विवाद से संबंधित थे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, आपदा, आर्म्स, विद्युत, पंचायती राज, पी०एच०ई०डी०, शिक्षा, पुलिस विभाग इत्यादि से संबंधित मामले भी शामिल थे।
सुनवाई के क्रम में सबौर प्रखंड के निवासी श्रीकांत कुमार ने जिला नियोजनालय में नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन समर्पित किया, जिसे जिला नियोजन कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।
इसी प्रकार, श्री अरुण कुमार सिंह, सा०-सैनचक, धोरैया, बाँका के निलाम पत्र से संबंधित आवेदन पर सुनवाई की गई। उक्त आवेदन को जिला निलाम पत्र पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
वहीं, पीरपैंती प्रखंड के निवासी श्री भोला दास का पी०एच०ई०डी० विभाग से संबंधित आवेदन कार्यपालक अभियंता, पी०एच०ई०डी० पूर्व, भागलपुर को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
सुनवाई के दौरान जिला जन शिकायत प्रभारी श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद, वरीय उप समाहर्त्ता, श्री अशोक, पी०जी०आर०ओ०, सदर एवं डायरेक्टर, डी०आर०डी०ए० उपस्थित थे।
