श्रावणी मेला के दौरान लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत निरंतर स्वच्छता अभियान*

भागलपुर श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छ एवं सुरक्षित मेला क्षेत्र तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत कच्ची कांवरिया पथ एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।स्वच्छता दलों द्वारा कच्ची कांवरिया पथ के साथ-साथ ग्राम पंचायत मसदी, असियाचक, कमरगंज एवं धांधी बेलारी के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई की जा रही है। विशेष रूप से होटल, सार्वजनिक उपयोगिता स्थलों, नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम), विश्राम स्थलों, पेयजल स्थलों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है।अभियान के तहत सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों से कचरे का नियमित उठाव, कूड़ा-कचरा का समुचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा आवश्यकतानुसार सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर निगरानी भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि कच्ची कांवरिया पथ एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थलों पर स्वच्छता कार्य निर्बाध रूप से जारी रहे तथा किसी भी स्थान पर कचरा जमा नहीं होने दिया जाए।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों तथा दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें।“स्वच्छ कांवरिया पथ – स्वच्छ श्रावणी मेला” के संकल्प के साथ जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला 2026 के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी एवं सतत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *