भागलपुर- कहलगांव के एनएच-80 पर स्थित क्षतिग्रस्त कुआ पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन शुरू कराने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन और तेज हो गया है। जिला परिषद सदस्य जनार्दन आजाद का आमरण अनशन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। इस बीच अनुमंडल प्रशासन, एनएचएआई एवं अनशनकारियों के बीच हुई त्रिस्तरीय वार्ता बेनतीजा रही। हालांकि शनिवार को छोटे वाहनों के परिचालन को लेकर पुल की लोड टेस्टिंग कराने पर सहमति बन गयी है। हालांकि इस प्रकिया के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पुल रिपेयरिंग में कितना समय लग सकता है।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि कुआ पुल अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुका है।
इसकी वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट बिहार सरकार के माध्यम से पुल निगम मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। जांच में पुल का ‘रॉकर रोलर बेयरिंग’ क्षतिग्रस्त पाया गया है, जिसकी जगह ‘बॉल बेयरिंग’ लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए खरीदारी का ऑर्डर भी दे दिया गया है। इन अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी टीम कहलगांव पहुंच चुकी है। और शनिवार को वाहनों के परिचालन को लेकर पुल की लोड टेस्टिंग की जाएगी। इसके बाद एजेंसी द्वारा पुल की मरम्मति का काम शुरू किया जाएगा।
अनशनकारी अपनी जिद पर अड़े
दूसरी ओर, अनशनकारियों ने स्पष्ट लहजे में कहा कि जब तक पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन व्यावहारिक रूप से शुरू नहीं हो जाता, उनका आमरण अनशन हर हाल में जारी रहेगा। जनहित मामले से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी वार्ता में मौजूद रहे
कहलगांव के एसडीएम राकेश रंजन, एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता कमलेश कुमार चौधरी, सहायक अभियंता अंकित कुमार और टीटीसी इंफ्रा एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय कुमार त्रिस्तरीय वार्ता में शामिल थे।
इधर अनशनकारियों की ओर से पूर्व विधायक रामविलास पासवान, जिप सदस्य जनार्दन आजाद, सुभाष यादव, सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष पवन कुमार भारती, डा. प्रवीण कुमार राणा, सिट्टू यादव, मनोहर मंडल, रितेश सिंह और मो. रिजवान हुसैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
गौर हो कि शनिवार को होने वाले लोड टेस्टिंग के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कोआ पुल के मरम्मति में कितना समय लगेगा। और आमजन को छोटे वाहनों के परिचालन के लिए और कितना इंतजार करना होगा ?
इधर शाम में सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शहर स्थित स्टेशन चौक पर कुआ पुल की कुव्यवस्था को लेकर पीएम, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
