कहलगांव! शंकर साह विक्रमशिला महाविद्यालय कहलगांव से पीरपैंती प्रखंड स्थित नवसृजित महाविद्यालय में भेजे गए सहायक कर्मचारियों को वापस अपने मूल कॉलेज बुलाए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।इस संबंध में कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मचारी संघ ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखा है।कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के सचिव, जयंत कुमार मंडल ने कुलपति के नाम एक औपचारिक पत्र तैयार कर महाविद्यालय प्रशासन के माध्यम से विश्वविद्यालय को प्रेषित किया है। पत्र के माध्यम से आग्रह किया गया है कि जनहित और प्रशासनिक हित में एस.एस.वी. कॉलेज के स्थानांतरित सहायक कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से वापस उनके मूल संस्थान में सेवा देने के लिए भेजा जाए। संघ द्वारा भेजे गए पत्र में मुख्य रूप से कॉलेज से सहायक कर्मचारियों के जाने के बाद से प्रशासनिक और कार्यालयीय कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कर्मचारियों की भारी कमी का सीधा असर महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षणेतर कार्यों पर पड़ रहा है। कार्यालय में पर्याप्त बल न होने के कारण छात्र-छात्राओं को अपने दैनिक कार्यों, प्रमाणपत्रों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।शिक्षकेतर कर्मचारी संघ ने विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारियों से अपील की है कि वे इस समस्या का संज्ञान लें। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कर्मचारियों की वापसी सुनिश्चित नहीं की गई, तो कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुचारू रखना और अधिक कठिन हो जाएगा।
एस.एस.वी. कॉलेज से भेजे गए कर्मचारियों की वापसी की मांग तेज, पठन-पाठन और कार्य प्रभावित
