भागलपुर में मद्य निषेध विभाग का विशेष अभियान: 13 गिरफ्तार, 459 लीटर चुलाई शराब सहित भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त*

  1. भागलपुर जिले में मद्य निषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने एवं अवैध शराब के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से मद्य निषेध विभाग द्वारा 16 अगस्त 2026 को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच एवं कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई में कुल 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 11 व्यक्तियों को शराब का सेवन करते हुए तथा 2 व्यक्तियों को अवैध शराब के परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने लगभग 459 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 10.50 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। इसके अतिरिक्त अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक वाहन को भी जब्त किया गया।अभियान के दौरान बाबूपुर मोड़, करौढ़ी बाजार, सनहौला मोड़, गौराचौकी, महेश्वरी, बदबक, ननदलालपुर, रसूलपुर एकचारी, बिहपुर, नवादा, रंगरा एवं राजेंद्र नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। मद्य निषेध विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी एवं पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, सेवन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा। विभाग द्वारा आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी, जांच एवं सघन छापेमारी की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं मद्य निषेध विभाग पूरी तरह सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *