जिलाधिकारी, भागलपुर द्वारा आज अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में आम नागरिकों ने भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन, सड़क, विद्युत सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए आवेदकों को समयबद्ध रूप से राहत उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखने का अवसर प्रदान कर रहा है, ताकि शिकायतों का प्रभावी, पारदर्शी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
