सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को आयकर विभाग भागलपुर द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा व जवाबदेही को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा दोपहर 1 बजे आयकर विभाग के ICCC भवन से प्रारंभ हुई,जो कचहरी चौक होते हुए मनाली चौक एवं तिलकामांझी चौक के रास्ते प्रधान आयकर आयुक्त (निर्धारण इकाई)-1सेंट्रल जेल रोड, भागलपुर स्थित कार्यालय तक पहुंची।
इस पदयात्रा में आयकर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। और ईमा
नदारी, सत्यनिष्ठा एवं भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का नेतृत्व आयकर विभाग की उप निदेशक (अन्वेषण)सुश्री कुमारी सुनीता ने किया। इस अवसर पर आयकर विभाग के लगभग 100 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आयकर अधिकारी (मुख्यालय) कुमार रविशंकर,
आयकर अधिकारी नितिन कुमार, आयकर अधिकारी अमरेंद्र कुमार उरांव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश प्रसारित किया गया कि भ्रष्टाचार की रोकथाम केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रशासन और समाज, दोनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित कार्यसंस्कृति ही जनविश्वास को मजबूत करने तथा सुशासन की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता, उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। इस प्रकार के आयोजन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम का समापन ईमानदारी, नैतिक आचरण एवं भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।
