नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित*

नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जिला गंगा समिति, भागलपुर द्वारा सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्वच्छता एवं गंगा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों एवं विद्यार्थियों को गंगा की स्वच्छता, निर्मलता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान में हैप्पी वैली स्कूल तथा गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, भागलपुर के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने तथा नदी के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे जिला गंगा समिति के सदस्य श्री महादेव प्रसाद रजक, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री दुर्गा शंकर, DRDA-NEP श्री अमर कुमार मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुल्तानगंज श्री संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद सुल्तानगंज श्री अभिषेक आनंद, श्री विकास कर्ण एवं श्री स्वप्निल झा द्वारा गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए गए।

अधिकारियों ने बच्चों एवं उपस्थित लोगों से गंगा में कूड़ा-कचरा नहीं डालने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा गंगा एवं उसके आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर सभी बच्चों के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी एवं निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *