आगामी रबी सीजन में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना डिजिटल क्रॉप सर्वे (Digital Crop Survey) के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर मुख्य सचिव, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की तैयारियों, निर्धारित लक्ष्य तथा फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत खेतों में लगी फसल का फोटोग्राफ लेकर उसका डिजिटल सर्वे एवं रिकॉर्ड तैयार किया जाना हैं। पिछले वर्ष इसके तहत लगभग 2.54 लाख प्लॉट का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस वर्ष रबी सीजन में यह लक्ष्य बढ़कर करीब 6 लाख प्लॉट होने की संभावना है। बढ़े हुए लक्ष्य को देखते हुए मुख्य सचिव ने सर्वे कार्य की पूर्व तैयारी, बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। डिजिटल क्रॉप सर्वे को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए किसान सलाहकारों एवं समन्वयकों का सहयोग ली जाएगी।
बैठक के दौरान फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि पहले लगभग 34 हजार मामले लंबित थे, जो अब घटकर करीब 4,400 रह गए हैं।
मुख्य सचिव ने शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन करते हुए पेंडेंसी को शून्य करने का निर्देश दिया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में और तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने पर बल दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। इन डिजिटल पहलों के माध्यम से कृषि संबंधी आंकड़ों के बेहतर संधारण तथा किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की*
